*महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने उदयपुर मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
गंजबासौदा,
महाशिवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने आज उदयपुर स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर पर्व संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के पहुंच मार्ग, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काशवानी ने यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा आवश्यक बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपते हुए समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ ओ.पी. सनोडिया, एसडीएम श्रीमती अनुभा जैन, एसडीओपी बासौदा श्रीमती शिखा भलावी, थाना प्रभारी बासौदा शहर, थाना प्रभारी बासौदा देहात, यातायात थाना प्रभारी बासौदा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें