वृद्ध-दिव्यांगों के आधार अपडेट की समस्या को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
आधार सुधार के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली और पेंशन संबंधी परेशानियों का उठाया मुद्दा
गंजबासौदा। वृद्धजन, दिव्यांग एवं विकलांग व्यक्तियों तथा बच्चों के आधार कार्ड में सुधार और अपडेट की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षद दल, गंजबासौदा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि आधार कार्ड में सुधार एवं अपडेट कराने में वृद्धजन, दिव्यांग, बीमार हितग्राहियों और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आधार केंद्रों पर निर्धारित शुल्क के अलावा अतिरिक्त राशि लिए जाने की शिकायत भी ज्ञापन में उठाई गई है।
ज्ञापन के अनुसार कई वृद्ध एवं पेंशन हितग्राहियों के आधार अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें शासकीय योजनाओं और पेंशन का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। कुछ हितग्राहियों के सामने ऐसी स्थिति है कि आधार संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उन्हें समय पर पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कांग्रेस पार्षद दल ने प्रशासन से मांग की कि वृद्धजन, दिव्यांग एवं असमर्थ लोगों के लिए आधार संबंधी सुविधाएं सरल और सुलभ बनाई जाएं, ताकि उन्हें बार-बार आधार केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही ज्ञापन में पहले की तरह पात्र वृद्धजन एवं दिव्यांग हितग्राहियों को घर पर पेंशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से आधार संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से वंचित होने से बचाने की मांग की गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें