अपनों की वापसी: विदिशा पुलिस की संवेदनशील पहल
विदिशा,
उम्मीद बनी विदिशा पुलिस: महाराष्ट्र में फंसे 20 मजदूरों को विदिशा पुलिस ने सुरक्षित घर लौटाया”
दिनांक 06.01.2026 को थाना दीपनाखेड़ा पर एक अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरबटपुर, थाना दीपनाखेड़ा के लगभग 20 आदिवासी मजदूर, जो रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए थे, उन्हें 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी का झांसा देकर ले जाया गया और वहां बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा है, जिसके कारण वे अपने घर वापस नहीं लौट पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना दीपनाखेड़ा पुलिस द्वारा मामले को मानवीय दृष्टिकोण से गंभीरता से लेते हुए तत्काल पतारसी एवं संपर्क किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि सभी मजदूर ग्राम गिरोली, थाना वाशी, तहसील भूम, जिला धराशिवा (महाराष्ट्र) में कार्यरत हैं।
उक्त मामले से तत्काल पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला धराशिवा (महाराष्ट्र) के पुलिस अधीक्षक से सीधे संपर्क कर संबंधित थाने को मजदूरों को मुक्त कराने हेतु समन्वय स्थापित किया गया। इसके साथ ही पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी गई।
विदिशा पुलिस के अथक प्रयासों, तत्परता एवं मानवीय संवेदना के परिणामस्वरूप सभी 20 बंधक आदिवासी मजदूरों को महाराष्ट्र से सकुशल एवं सुरक्षित उनके गांव वापस लाया गया। अपनों को वापस पाकर मजदूरों एवं उनके परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। अपनों को अपने बीच देख मजदूरों ने विदिशा पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें