*दुर्गा प्रतिमा स्थापना के तत्काल बाद डीजे पर विदिशा पुलिस की सख्ती, नियम उल्लंघन पर FIR दर्ज, डीजे वाहन जप्त*
*अवैध डीजे संचालन पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, एक डीजे वाहन जप्त, दूसरे पर ₹16,000 का जुर्माना*
*नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन में जिले में नवरात्रि, दशहरा सहित आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नियम-विरुद्ध डीजे संचालन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।ऐ
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा 9 अक्टूबर 2026 की रात्रि में दुर्गा प्रतिमा स्थापना के तत्काल बाद नियम-विरुद्ध डीजे संचालन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
*वैशाली नगर में नियम उल्लंघन पर FIR दर्ज, डीजे वाहन जप्त:*
वैशाली नगर, विदिशा में नियम-विरुद्ध डीजे संचालन की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा डीजे संचालक को निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई, लेकिन नियमों का पालन नहीं किए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत धारा 285 बीएनएस एवं धारा 7/15 मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम सहित संबंधित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। नियम-विरुद्ध संचालित डीजे वाहन जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया तथा आरोपी वाहन चालक को न्यायालय में उपस्थित होने हेतु नोटिस तामील कराया गया।
*दूसरे डीजे के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, ₹16,000 का जुर्माना:*
कोतवाली पुलिस द्वारा बाबा डीजे, सीहोर के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कुल ₹16,000 का जुर्माना किया गया।
*प्रकरण में नामजद आरोपी:*
1. दामोदर जाटव, पिता चेतू लाल अहिरवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1, हनुमान मंदिर के पास, विदिशा।
2. राहुल शर्मा, पिता कमल शर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी राघवजी कॉलोनी, विदिशा।
*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:*
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज, उप निरीक्षक रणवीर सिंह, प्रधान आरक्षक धर्मेश बर्थे, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कटियार, आरक्षक स्वतंत्र जाट, नितेश बघेल, सचिन जाट, ऊर्जन सिंह राजपूत, अभिषेक मौर्य एवं शिशुपाल सिंह दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*डीजे संचालकों एवं आयोजन समितियों से अपील:*
विदिशा पुलिस द्वारा नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठकों तथा अन्य आयोजनों के दौरान आयोजन समितियों एवं नागरिकों को डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से संबंधित निर्धारित नियमों एवं प्रतिबंधों की जानकारी देकर उनका पालन करने की समझाइश दी जा रही है। सभी आयोजकों से अपील है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित नियमों के अनुरूप आयोजित करें तथा ध्वनि प्रदूषण से बचते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
*नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।*
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें