जनपद पंचायत ग्यारसपुर के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप, लोकायुक्त ने मांगे दस्तावेज
ग्यारसपुर/विदिशा। जनपद पंचायत ग्यारसपुर में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर पंचायत कार्यों में पद के दुरुपयोग और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर लोकायुक्त संगठन ने जांच शुरू की है।
जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता अशोक कुमार साहू, निवासी ग्राम लोहर्रा, तहसील ग्यारसपुर की शिकायत पर लोकायुक्त कार्यालय भोपाल ने जिला पंचायत विदिशा से संबंधित दस्तावेज एवं अभिलेख मांगे हैं।
लोकायुक्त कार्यालय भोपाल के 15 सितंबर 2026 के पत्र क्रमांक 3668/विपुस्था/2026 में शिकायत क्रमांक 2476/2026 का उल्लेख करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से जांच से संबंधित रिपोर्ट, दस्तावेज और संबंधित कथनों के सत्यापित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इन अधिकारियों के नाम शिकायत में
शिकायत में जनपद पंचायत ग्यारसपुर के तत्कालीन/पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र जैन, खंड पंचायत अधिकारी महेश कुशवाह, अतिरिक्त कार्यक्रम मनरेगा अधिकारी सुपेन, वीपीओ हबीब खान, वीपीसी अधिकारी राकेश पाठक सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों पर पंचायत कार्यों में पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
जिला पंचायत ने भी मांगी रिपोर्ट
लोकायुक्त के पत्र के बाद जिला पंचायत विदिशा ने भी जनपद पंचायत ग्यारसपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र जारी किया। 25 सितंबर 2026 के पत्र में लोकायुक्त द्वारा मांगी गई जांच रिपोर्ट एवं शिकायत से संबंधित सत्यापित दस्तावेज, स्पष्ट अभिमत सहित लोकायुक्त कार्यालय भोपाल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर विदिशा और संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें