*नौलखी घाट स्टॉप डेम से पानी खींचने पर रोक, प्रशासन ने किसानों को दी सख्त हिदायत*
*गंजबासौदा -* नगर पालिका द्वारा बनाए गए नौलखी घाट स्टॉप डेम पर किसानों द्वारा दिन-प्रतिदिन खेतों में मोटरों के माध्यम से पानी खींचा जा रहा है। इससे स्टॉप डेम का जलस्तर तेजी से घट रहा है। आगामी दिनों में नगर में जलापूर्ति में भारी परेशानी होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन कड़ा रुख अपनाया है।
गत दिवस तहसीलदार सविता पटेल, नायब तहसीलदार रतिराम ,नगर पालिका इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव,जलप्रदाय प्रभारी सुनील यादव और बिजली विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से नौलखी घाट स्टॉप डेम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर खेतों में पानी खींचने के लिए लगी मोटरें पाई गईं। टीम ने किसानों को सख्त हिदायत देते हुए तुरंत मोटरों को हटाने के निर्देश दिए।
वही अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक डेम ओवरफ्लो नहीं हो जाता, तब तक स्टॉप डेम से मोटरो द्वारा पानी नहीं खींचा जा सकता है। यदि इसके बाद भी कोई किसान डेम पर मोटर रखता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार ने कहा कि नौलखी घाट स्टॉप डेम नगर की पेयजल व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। डेम का पानी यदि सिंचाई में ही खत्म हो गया, तो गर्मी के दिनों में नगरवासियों को पानी के लिए तरसना पड़ेगा। इसलिए पेयजल को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
नगर पालिका इंजीनियर ने बताया कि डेम के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाएगी और समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। बिजली विभाग की टीम को भी निर्देश दिए गए हैं कि डेम क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही मोटरों के कनेक्शन पर नजर रखें।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डेम पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें