*सुभाष निकेतन गली और लक्ष्मी नारायण मंदिर गली का होगा डामरीकरण, 22 लाख की लागत से होगा काम*
*नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव के विशेष प्रयास से किया जाएगा डामरीकरण*
*गंजबासौदा -* नगर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल सुभाष निकेतन गली एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर वाली गली में काफी गड्ढे हो जाने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नगर पालिका ने इन दोनों मार्गों पर डामरीकरण कराने का निर्णय लिया है।
सुभाष निकेतन गली ओर लक्ष्मीनारायण मंदिर वाली गली में जगह-जगह काफी गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा असुविधा होती है। कई बार वाहन चालक गड्ढों में अनियंत्रित होकर गिर भी जाते हैं। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इसी तरह लक्ष्मी नारायण मंदिर वाली गली भी नगर का प्रमुख मार्ग है। मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं सहित स्थानीय नागरिकों का इस मार्ग से दिनभर आवागमन लगा रहता है। गली की खराब स्थिति के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। नागरिकों द्वारा लंबे समय से इन मार्गों के सुधार की मांग की जा रही थी।
नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने डामरीकरण का निर्णय लिया है। करीब 22 लाख रुपए की लागत से दोनों गलियों में डामर का कार्य किया जाना है। नगर पालिका द्वारा जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
वहीं नगर पालिका सीएमओ अशोक वर्मा का कहना है कि नगर के अन्य जर्जर मार्गों का भी चरणबद्ध तरीके से सुधार कराया जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें