विदिशा पुलिस द्वारा सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों से संवाद
आगामी बकरीद एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले भर के विभिन्न थाना स्तरों पर शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना लटेरी, सिरोंज, शमशाबाद, दीपनाखेड़ा, मुगलसराय, उनारसीकला, बासौदा शहर एवं बासौदा देहात क्षेत्र सहित अन्य थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों एवं समाजों के गणमान्य नागरिकों, त्योहार समितियों, पत्रकारगण एवं आमजन से आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठकों के दौरान नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु समझाइश दी गई।
बैठकों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगर पालिका अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, मुस्लिम त्योहार कमेटी, हिन्दू उत्सव समितियों के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें