विदिशा, जिले में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित मकान सूचीकरण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न चार्ज क्षेत्रों द्वारा घर-घर पहुंचकर सूचीकरण कार्य तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। इसी क्रम में पठारी चार्ज ने जिले में सर्वप्रथम मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण कर उपलब्धि हासिल की है।
पठारी चार्ज की टीम द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनियोजित ढंग से सर्वे एवं सूचीकरण कार्य किया गया। अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों के समन्वय से प्रत्येक मकान का विवरण संकलित करते हुए कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों ने टीम के कार्य की सराहना की है।
वहीं अर्बन चार्ज के अंतर्गत नगरीय निकायों में भी सूचीकरण कार्य में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। कुरवाई नगर पंचायत ने सबसे पहले मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद लटेरी नगर पंचायत द्वारा सूचीकरण कार्य पूर्ण करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया गया।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि मकान सूचीकरण कार्य शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनगणना संबंधी तैयारियों तथा नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है। सूचीकरण से क्षेत्रवार आवासीय जानकारी अद्यतन होगी, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन ने सूचीकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को बधाई देते हुए अन्य क्षेत्रों को भी समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें