कोहेफिजा थाने के टीआई केजी शुक्ला निलंबित, भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने के आरोप
लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद डीसीपी जोन-3 ने की कार्रवाई, विभागीय जांच भी होगी।
भोपाल।नगरीय पुलिस भोपाल अंतर्गत आने वाले कोहेफिजा थाने के टीआई केजी शुक्ला को भ्रष्टाचार, कार्यप्रणाली में अनियमितता और क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने लगातार मिल रही शिकायतों और विभागीय समीक्षा के बाद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीआई केजी शुक्ला के खिलाफ लंबे समय से अपराधियों से सांठगांठ, कार्यशैली में लापरवाही और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने जैसी शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उनके कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
करीब एक माह पहले पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने उन्हें कोहेफिजा थाना प्रभारी के पद से हटाकर उसी थाने में सेकेंड-इन-कमांड (टू-आईसी) के रूप में पदस्थ किया था। इसे उनके खिलाफ प्रारंभिक प्रशासनिक कार्रवाई माना गया था।
अब विभागीय जांच लंबित रहने तक केजी शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है।जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें