ई-अटेंडेंस के आधार पर ही होगा वेतन भुगतान - कलेक्टर अंशुल गुप्ता
विदिशा ,
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के आदेश पर जिले में सभी शासकीय कार्यालयों में पदस्थ सभी शासकीय अधीनस्थों को नियत समयावधि पर उपस्थित होने के निर्देश प्रसारित किए गए हैं। गौरतलब हो कि जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों के कार्यालयीन समय को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित किया है। इस संबंध में सभी विभागों को आवश्यक निर्देश पूर्व में जारी किए गए हैं।
जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन कार्यालय प्रारंभ होने के निर्धारित समय सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। साथ ही सभी शासकीय कर्मियों की उपस्थिति ई-अटेंडेंस प्रणाली के माध्यम से दर्ज की जाएगी, ताकि उपस्थिति का नियमित और पारदर्शी रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देशित किया है कि माह मार्च 2026 से शासकीय कर्मचारियों के वेतन का आहरण ई-अटेंडेंस रिपोर्ट के आधार पर ही किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इससे कार्यालयों में समयबद्धता, अनुशासन और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराएं तथा ई-अटेंडेंस प्रणाली का नियमित रूप से पालन कराया जाए, ताकि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें