ग्यारसपुर
ग्यारसपुर। तहसील मुख्यालय ग्यारसपुर में स्थित एकमात्र इंडेन गैस एजेंसी द्वारा आसपास के सैकड़ों गांवों में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है। इन दिनों गैस की मांग बढ़ने के कारण क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर चर्चा बनी हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने गैस एजेंसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों का लगभग 20 प्रतिशत कोटा कम कर दिया गया है, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग 45 दिनों में हो रही है, जबकि शहरी क्षेत्रों में औसतन 25 दिनों में डिलीवरी की जा रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 24 घंटे के भीतर मैसेज के माध्यम से सूचना भी प्राप्त हो रही है।
ग्यारसपुर एजेंसी से प्रतिदिन करीब 100 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और डिलीवरी में किसी प्रकार की कमी नहीं पाई गई। एजेंसी द्वारा 13 तारीख तक की सभी बुकिंग की डिलीवरी पूरी कर दी गई है।
विदिशा से पहुंची अधिकारियों की टीम ने एजेंसी पर पहुंचकर खाली टंकियों के स्टॉक, भरी हुई टंकियों की उपलब्धता तथा डिलीवरी रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान स्टॉक और वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
जांच टीम में प्रमुख रूप से एडीए अनिल डामारे, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी तंतुवाय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र जैन तथा तहसीलदार सौरभ मालवीय शामिल रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एजेंसी के संचालन और वितरण व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली। जांच के दौरान एजेंसी में गैस सिलेंडरों का स्टॉक तथा डिलीवरी व्यवस्था नियमानुसार पाई गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें