गजरथ, समापन पर रजत रथ, विज्ञान रथ के साथ कुल नौ रथों पर श्री जी को विराजमान कर निकली विशाल रथ यात्रा - topstarnews

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

मंगलवार, 3 मार्च 2026

गजरथ, समापन पर रजत रथ, विज्ञान रथ के साथ कुल नौ रथों पर श्री जी को विराजमान कर निकली विशाल रथ यात्रा


कैलाश पर्वत से भगवान आदिनाथ स्वामी को निर्वाण की हुई प्राप्ति , हजारों श्रद्धालुओं बने साक्षी* 

गजरथ, रजत रथ, विज्ञान रथ के साथ कुल नौ रथों पर श्री जी को विराजमान कर निकली विशाल रथ यात्रा

गंज बासौदा :- 
पंच कल्याणक महोत्सव के अंतिम दिन भगवान आदिनाथ स्वामी का मोक्ष (निर्वाण) कल्याणक महोत्सव मनाया गया। प्रातः आयोजन स्थल "अयोध्या नगरी" में कैलाश पर्वत की रचना की गई ,जिसमें जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ स्वामी अपने कैवल्य ज्ञान अवस्था में विराजमान हुए और नित्य अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के उपरांत नंदीश्वर द्वीप पूजन की गई। वही पूजन के साथ कैलाश पर्वत पर विराजमान भगवान आदिनाथ स्वामी के निर्वाण (मोक्ष) का अलौकिक दृश्य उपस्थित हजारों धर्मानुरागी बंधुओं को देखने को मिला। भगवान को मोक्ष की प्राप्ति के उपरांत सौधर्म इंद्र की आज्ञा से अग्नि कुमार इंद्र द्वारा भगवान के नख और केशों का विर्सजन किया गया। तत्पश्चात मुनि श्री विमल सागर महाराज एवं मुनि श्री अनंत सागर महाराज द्वारा मोक्ष कल्याणक विशेष प्रवचन सुनने का अवसर श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। मोक्ष कल्याणक पूजन के साथ विश्व शांति महायज्ञ , उपस्थित इंद्र और इंद्राणी द्वारा किया गया।
तत्पश्चात विशाल रथयात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें नगर के प्रमुख सेवादल, महिला मंडल, बालिका मंडल अपनी अपनी प्रस्तुतियां देते नजर आए। फेरी में विशाल गजरथ पर सवार सौधर्म इंद्र  सबसे आगे चल रहे थे, उसके पीछे रजत रथ, विज्ञान रथ सहित कुल नौ रथ यात्रा में शामिल हुए। प्रत्येक रथ पर जिनेन्द्र भगवान की प्रतिमा विराजमान रहीं , जो कि ,चल समारोह को शोभायमान कर रहे थे। विशाल रथ यात्रा में नगर में विराजमान तीनों मुनिराजों का पावन सानिध्य भी प्राप्त हुआ। मोक्ष कल्याणक महोत्सव एवं रथ यात्रा , आयोजन को देखने और धर्म आराधना करने के लिए नगर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं रथ यात्रा के उपरांत पंच कल्याणक महोत्सव में प्रतिष्ठित होने वाली सभी जिन प्रतिमाओ को प्रतिष्ठाचार्य ब्रह्म. विनय भैय्या के मार्गदर्शन में पूरी भक्ति, विनय, शुद्धि और श्रद्धा के साथ जिनालय में विराजमान किया गया। वहीं आयोजन समिति ने स्थानीय विधायक हरि सिंह रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मति शशि यादव , स्थानीय राजस्व प्रशासन , पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत मंडल, मंडी प्रशासन, सभी पत्रकार गणों, गंज बासौदा व्यापार महासंघ, अनाज तिलहन व्यापार महासंघ सहित सभी सहयोगी संस्थानों का सफल आयोजन के लिए धन्यवाद प्रेषित करते हुए आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

पेज