अशोकनगर में नकली शक्कर का हड़कंप: दही के साथ खाते ही बिगड़ी तबीयत, कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में खुला राज
अशोकनगर,
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से मिलावटखोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
जानकारी अनुसार यहाँ एक बेखौफ दुकानदार पर प्लास्टिक और रबर जैसी मिलावटी शक्कर बेचने का गंभीर आरोप लगा है।
इस दूषित चीनी को खाने से एक ग्राहक की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे रातभर दस्त से जूझना पड़ा। पीड़ित ने हिम्मत न हारते हुए न सिर्फ दुकानदार का पर्दाफाश किया, बल्कि सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों के सामने इसका लाइव टेस्ट भी कर दिया।
आइए आपको बताते हैं कि यह पूरा मामला आखिर क्या है और कैसे इस मिलावट का खुलासा हुआ।
शक्कर खाते ही बिगड़ी तबीयत यह पूरा मामला अशोकनगर के पिपरई तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम रमनदेयाई का है। यहाँ के निवासी कुंजलाल अहिरवार ने सोमवार को अशोकनगर के गांधी पार्क स्थित एक किराना दुकान से 1 किलो शक्कर खरीदी थी। घर जाकर उन्होंने इस शक्कर को दही में मिलाकर खाया। लेकिन खाने के कुछ ही देर बाद उनका पेट खराब हो गया और रातभर उन्हें गंभीर रूप से दस्त की शिकायत रही।
. पानी में नहीं घुले रबर जैसे दाने तबीयत बिगड़ने के बाद जब पीड़ित को शक्कर पर शक हुआ, तो उन्होंने उसकी जांच की। चबाते समय भी यह शक्कर रबर जैसी लग रही थी और इसका स्वाद बिल्कुल बदला हुआ था। जब बची हुई शक्कर को पानी में घोला गया, तो पीड़ित के होश उड़ गए। शक्कर के कुछ गोल दाने पानी में पूरी तरह अघुलनशील रहे और वे हुबहू रबर की तरह दिखाई दे रहे थे।
. ग्राहक ने बनाया वीडियो दुकानदार की इस धोखाधड़ी को साबित करने के लिए कुंजीलाल ने सूझबूझ से काम लिया। मंगलवार की सुबह वे दोबारा उसी दुकान पर पहुंचे और फिर से 1 किलो शक्कर मांगी।
इस बार उन्होंने अपने मोबाइल से शक्कर खरीदने का एक सीक्रेट वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। उनका दावा है कि इस दूसरी खेप में भी वैसे ही संदिग्ध गोल दाने मौजूद थे।
कलेक्ट्रेट में लाइव टेस्ट और शिकायत दुकानदार द्वारा अपनी गलती न मानने पर पीड़ित सीधे कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में जा पहुंचे। वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के सामने जब इस शक्कर को पानी में डाला गया, तो वहां भी वे संदिग्ध दाने नीचे बैठ गए और पानी में नहीं घुले। अधिकारियों के सामने ही यह लाइव टेस्ट फेल हो गया, जिसके बाद पीड़ित ने शक्कर का सैंपल प्रशासन को सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस गंभीर मामले के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शक्कर के नमूनों को जब्त कर लिया है और इन्हें विस्तृत जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है।
अब लैबोरेट्री की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि शक्कर में मिलाई गई यह जानलेवा चीज आखिर क्या थी। लेकिन इस घटना ने बाजार में बिकने वाले राशन की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें