₹600 करोड़ के कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग
भोपाल। मध्य प्रदेश में सामने आए ₹600 करोड़ के कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस ने आज सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से नोटों की गड्डियां फेंककर सरकार से जवाबदेही की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और दोषियों पर कार्रवाई करना जगदीश देवड़ा की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि उनके विभाग के रहते इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितता हुई है, तो उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव धनजी गिरी, NSUI प्रदेश सचिव अमन पठान, जिला सचिव अभय सोलंकी रामभक्त एवं जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने कहा कि यदि सरकार कथित घोटाले पर कार्रवाई नहीं करती और वित्त मंत्री अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा नहीं देते हैं, तो युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा दें।
कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें