सुभाष निकेतन वाली गली में साइबर सेल की दबिश: तीन युवतियां सहित एक युवक गिरफ्तार*
*भोपाल साइबर सेल की छापेमार कार्रवाई, ऑनलाइन धोखाधड़ी के संदेह में आरोपियों को सिटी थाने लाकर पूछताछ*
गंजबासौदा,
नगर के सुभाष निकेतन वाली गली में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भोपाल से आई साइबर सेल की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक मकान पर छापेमार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। टीम ने मकान से तीन युवतियों सहित एक युवक को गिरफ्तार कर सिटी थाना लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार भोपाल साइबर सेल को ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में अहम सुराग मिले थे। जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि गंजबासौदा के सुभाष निकेतन वाली गली में स्थित एक मकान से संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर साइबर सेल की टीम गुरुवार को गुप्त रूप से शहर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बताए गए मकान पर दबिश दी।
चर्चा है की मामला आई पी एल से जुड़ा है जांच जारी है
छापेमारी के दौरान टीम को मकान के अंदर तीन युवतियां और एक युवक मिले, जिन पर ऑनलाइन ठगी से जुड़े नेटवर्क में शामिल होने का संदेह है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उन्हें अलग-अलग तरीके से झांसे में लेते थे और फिर उनसे पैसे ऐंठने का काम करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं। साइबर सेल की टीम इन उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और यह गिरोह किस स्तर पर काम कर रहा था।
अचानक हुई इस कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मकान में पिछले कुछ समय से बाहरी लोगों का आना-जाना बना हुआ था, जिससे क्षेत्र में पहले से ही संदेह का माहौल था।
भोपाल साइबर सेल की टीम गिरफ्तार आरोपियों को अपने साथ सिटी थाने लेकर पहुंची, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें