मध्यप्रदेश के राजगढ़ में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा: लेडी CMHO 20 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, कार्रवाई के दौरान बिगड़ी तबीयत
राजगढ़ (मध्य प्रदेश)।
जिले से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भोपाल लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हरिओम अहिरवार ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेडियोलॉजिस्ट की पोस्टिंग के अप्रूवल के लिए CMHO की आईडी से अनुमति आवश्यक थी। इसी काम के बदले डॉ. पटेल द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में सौदेबाजी के बाद 20 हजार रुपये में मामला तय हुआ।
लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप बिछाया और जैसे ही डॉ. शोभा पटेल ने रिश्वत की राशि ली, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान अचानक CMHO की तबीयत बिगड़ गई और वे चक्कर खाकर गिर पड़ीं। तत्काल मौके पर डॉक्टर को बुलाया गया, जहां जांच में उनका ब्लड प्रेशर 180 पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, वे पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की मरीज हैं।
फिलहाल लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें