दमोह कलेक्टर का सीएम हेल्पलाइन में बड़ा एक्शन:
18 विभागों के 29 एल-1 अधिकारियों द्वारा 117 शिकायतों के अनिराकृत होने पर 11 हजार 700 रूपये का लगाया जुर्माना
दमोह,
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर माह जनवरी 2026 में शिकायतों का निराकरण एल-1 अधिकारियों द्वारा समय-सीमा में न किये जाने एवं वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा जारी निर्देशों की अवहेलना किये जाने के फलस्वरूप प्रति शिकायत 100 रूपये के मान से 18 विभागों के 29 अधिकारियों पर 117 शिकायतों के अनिराकृत होने के आरोप में 11 हजार 700 रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। उक्त जुर्माने की राशि 03 दिवस के भीतर रेडक्रॉस सोसाइटी की रसीद प्राप्त करें अथवा रेड क्रॉस सोसायटी दमोह के बैंक खाता क्रमांक 10408898213 एवं IFSC-SBIN0003716 में जुर्माने की राशि जमा कर रसीद कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत की जाये। आदेशित किया है कि शिकायतों के अनिराकृत होने की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञातव्य है नागरिकों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने हेतु राज्य शासन द्वारा सी.एम. हेल्पलाईन 181 संचालित किया जा रहा है। सी. एम. हेल्पलाईन 181 पोर्टल पर नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में एल-1अधिकारियों का मुख्य उत्तरदायित्व रहता है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के संबंध में लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा पर्याप्त प्रशिक्षण भी दिया गया है साथ ही समय-समय पर निर्देश भी जारी किये गये हैं। उपरोक्त प्रशिक्षण व निर्देशों के उपरांत भी सी. एम. हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें अनिराकृत पाई जा रही हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें