*शादी समारोहों में कानून व्यवस्था, ट्रैफिक व ध्वनि नियंत्रण को लेकर विदिशा पुलिस ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश*
विदिशा,
आगामी विवाह सीजन एवं नववर्ष के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं ध्वनि प्रदूषण रोकने के उद्देश्य से आज दिनांक 27 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम, विदिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली श्री आनंद राज सहित जिले के समस्त मैरेज गार्डन संचालक, डीजे संचालक एवं आयोजनकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी विवाह समारोहों के साथ-साथ नववर्ष पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
*सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी निर्देश:*
▶️सभी मैरेज गार्डन एवं आयोजन स्थलों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिनकी 24×7 रिकॉर्डिंग हो तथा फुटेज कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखी जाए।
▶️आयोजन स्थल पर कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
▶️संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दी जाए।
▶️मेहमानों के कीमती सामान की सुरक्षा हेतु सुरक्षित काउंटर/सेफ-जोन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
*ध्वनि नियंत्रण एवं नववर्ष विशेष निर्देश:*
▶️डीजे एवं साउंड सिस्टम निर्धारित ध्वनि सीमा में ही संचालित किए जाएं।
▶️रात्रि 10 बजे के बाद तेज आवाज वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
▶️नववर्ष कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार के अश्लील, उत्तेजक या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले गीतों पर रोक रहेगी।
*ट्रैफिक, बारात एवं भीड़ प्रबंधन:*
▶️बारात एवं नववर्ष आयोजनों के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न किया जाए।
▶️आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग, अलग प्रवेश-निकास मार्ग एवं प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य होगी।
▶️सड़क पर जाम या अव्यवस्थित पार्किंग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
*अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:*
▶️शराब अथवा नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
▶️आतिशबाज़ी का उपयोग केवल निर्धारित समय एवं सुरक्षित दूरी से किया जाए।
▶️किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जाएगी।
विदिशा पुलिस द्वारा सभी मैरेज गार्डन संचालकों, डीजे संचालकों एवं आयोजनकर्ताओं से अपील की गई है कि वे जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें