पितृ पक्ष में विदिशा गायत्री परिवार की अनूठी पहल,आज से 10 अक्टूबर तक दोनों गायत्री मंदिरों में निशुल्क सामूहिक - topstarnews

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

पितृ पक्ष में विदिशा गायत्री परिवार की अनूठी पहल,आज से 10 अक्टूबर तक दोनों गायत्री मंदिरों में निशुल्क सामूहिक

पितृ पक्ष में विदिशा गायत्री परिवार की अनूठी पहल,आज से 10 अक्टूबर तक दोनों गायत्री मंदिरों में निशुल्क सामूहिक श्राद्ध-तर्पण
विदिशा। पितृ पक्ष के अवसर पर अपने पूर्वजों की शांति, सद्गति एवं स्मृति के लिए श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से श्राद्ध एवं तर्पण कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार विदिशा द्वारा विशेष निशुल्क सामूहिक श्राद्ध-तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
गायत्री परिवार द्वारा यह आयोजन आज 26 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से किया जाएगा। यह आयोजन विदिशा के स्वर्णकार कॉलोनी स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ तथा सिविल लाइंस स्थित गायत्री शक्तिपीठ दोनों स्थानों पर आयोजित होगा।
गायत्री परिवार के अनुसार, पितृ पक्ष के दौरान श्रद्धालु अपने दिवंगत पूर्वजों की शांति एवं सद्गति की कामना से सामूहिक रूप से तर्पण एवं श्राद्ध संस्कार में शामिल हो सकेंगे। कार्यक्रम में देव तर्पण, ऋषि तर्पण, दिव्य मानस तर्पण, दिव्य पितृ तर्पण, यम तर्पण एवं मनुष्य पितृ तर्पण सहित विभिन्न धार्मिक संस्कार विधि-विधान के साथ संपन्न कराए जाएंगे।
इस सामूहिक आयोजन की विशेषता यह है कि श्राद्ध एवं तर्पण से संबंधित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं गायत्री परिवार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। कार्यक्रम में आवश्यक पूजन सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाएं भी गायत्री परिवार की ओर से की जाएंगी। श्रद्धालुओं को केवल कुशा साथ लेकर आना होगा। इस आयोजन में अपने पिता, बाबा, परबाबा, माता, दादी, परदादी, नाना, परनाना सहित दिवंगत परिजनों एवं अन्य प्रियजनों की स्मृति में तर्पण किया जा सकता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को पितृ पक्ष के धार्मिक संस्कारों से जोड़ना तथा उन्हें सरल, सामूहिक एवं निशुल्क रूप से श्राद्ध-तर्पण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के संबंध में गायत्री परिवार के जिला प्रवक्ता संयोग श्रीवास्तव ने बताया कि पितृ पक्ष हमारे पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का महत्वपूर्ण अवसर है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए गायत्री परिवार विदिशा द्वारा दोनों प्रमुख गायत्री केंद्रों पर यह निशुल्क सामूहिक श्राद्ध-तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक या अन्य कारणों से इन संस्कारों से वंचित न रहे।
उन्होंने विदिशा एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में निर्धारित समय पर पहुंचकर अपने पितरों की शांति एवं सद्गति के लिए तर्पण एवं श्राद्ध संस्कार में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

पेज